भाजपा बिलावर मंडल ने किया कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा बिलावर मंडल की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
बिलावर भाजपा मंडल के प्रधान राजू सुमबडीया की अध्यक्षता में देवल और बिलावर में आयोजित किए गए कार्यक्रम में कई कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मंडल प्रधान ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे नेता बार-बार जन्म नहीं लेते। इस अवसर पर मौजूद अन्य कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सब भाजपा कार्यकर्ता क्षेत्र में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए दिन रात काम करें। केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाए। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बच्चों में फल इत्यादि का वितरण भी किया।
बग्गन मंडल में मंडल प्रधान सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए हुए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।