कठुआ। मुख्यालय के निकटवर्ती और पंजाब से सटी कीड़ियां गंडियाल पंचायत से आने-जाने में लोगों को पेश आ रही दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन ने उनके द्वार पर ही डोमिसाइल सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया को अंजाम दिया। इस दौरान दो सौ से अधिक लोगों से मौके पर ही डोमिसाइल की सरकारी फीस वसूलकर दस्तावेज हासिल कर उन्हें सौंप दिए गए। तहसीलदार कठुआ गौरव शर्मा के साथ पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत दी है।
तहसीलदार गौरव शर्मा ने बताया कि रोजाना जिला सचिवालय में बड़ी संख्या में लोग डोमिसाइल बनवाने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन इसमें प्रशासन की ओर से पचास लोगों को ही प्रतिदिन आवेदन की अनुमति दी गई है। ऐसे में कीड़ियां गंडियाल के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड रहा था। जिला उपायुक्त के निर्देश के बाद शनिवार को कीड़ियां गंडियाल में ही कैंप लगाया गया है और मौके पर ही लोगों को डोमिसाइल सर्टिफिकेट जारी कर दिए गए हैं। बताया कि इसके साथ ही वेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजी पैकेज के तहत मंजूर हुए बीस मामलों में सरकार की ओर से जारी राशि भी उनके खाते में ट्रांस्फर करवा दी गई है।