कठुआ से निकाली गई माता वैष्णो देवी की पवित्र छड़ी यात्रा में शामिल भक्त। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। चैत्र नवरात्र पर हर वर्ष की तरह शिवसेना डोगरा फ्रंट की ओर से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पवित्र छड़ी यात्रा का आयोजन किया गया। 34वीं बार हो रहे इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में शामिल भक्तों ने माता रानी की जयघोष करते हुए उनके भवन की ओर कूच किया।
शुक्रवार को पवित्र छड़ी यात्रा में शामिल भक्तों का काफिला ढोल नगाड़ों के साथ जयकारा लगाते हुए मुख्य बाजार स्थित माता आशापूर्णी के भवन पहुंचा। यहां विधि विधान से माता की छड़ी का पूजन किया गया। इसके बाद शहर में शोभायात्रा निकालते हुए श्रद्धालु कटड़ा स्थित माता वैष्णो के दरबार की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के आयोजक शिवसेना डोगरा फ्रंट जिला प्रधान नरेंद्र तागड़ी ने बताया कि पिछले दो वर्ष के दौरान कोरोना की महामारी को देखते हुए इस पवित्र छड़ी यात्रा में आम लोगों को शामिल नहीं किया गया था। लेकिन इस बार प्रशासन से मिली अनुमति के बाद भक्तों में काफी उत्साह है। उन्होंने बताया कि छड़ी यात्रा में शामिल भक्त प्रथम नवरात्र को माता रानी के दर्शन करने के साथ उनकी जोत अपने साथ लाएंगे। इसके बाद कठुआ में नौ दिनों तक विधिविधान से मां शेरावाली की पूजा-अर्चना की जाएगी।