वरूण देव स्थल पर पहली बार महाआरती का आयोजन
कठुआ। बिलावर क्षेत्र के उज्ज नदी तट पर पहली बार वरुण देव की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन गंगा आरती की तर्ज पर किया गया, जिसमें दीप प्रज्वलन, फूल अर्पण और घंटियों की गूंज के बीच भक्तों ने आरती के गीत गाए।
आरती का उद्देश्य नदी की पवित्रता और महत्व को बढ़ावा देना तथा लोगों में नदी के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना जगाना रहा। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को नदी की महानता को श्रद्धांजलि और आध्यात्मिक शांति का माध्यम बताया। आयोजकों ने बताया कि सनातन धर्म में वरुण देव को जल का देवता माना जाता है। इस मौके पर बिलावर विधायक सतीश शर्मा ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, आस्था और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की और नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन ने न केवल धार्मिक महत्व को उजागर किया बल्कि समाज में भाईचारे और आध्यात्मिक शांति का संदेश भी दिया।