हीरानगर। कस्बे के मुख्य बाजार की सूरत जल्द बदलेगी। करीब 19 लाख रुपये की लागत से बाजार में गली नालियों और सड़क पर तारकोल बिछाया जा रहा है। विधायक विजय शर्मा ने बुधवार को यह काम शुरू करवाया।
उन्होंने बताया कि कस्बे में करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। इनमें से कई मुकम्मल हो चुके हैं। कई पर काम जारी है। इन विकास कार्यों के पूरा होने से कस्बे के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी बल्कि कस्बे की खूबसूरती को भी चार चांद लगेंगे।
विधायक ने बताया कि करीब 19 लाख रुपये की लागत से मुख्य बाजार में गली और नालियों के काम के अलावा सड़क पर तारकोल बिछाने का काम भी शुरू करवा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सुलताना चौक में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार है, अस्पताल के नजदीक ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। तहसील मुख्यालय के सामने बस टर्मिनल का काम भी पूरा हो चुका है।
यह सभी विकास कार्य केंद्र की मौजूदा सरकार के प्रयासों से संभव हो पाए हैं। आने वाले समय में कस्बे के लोगों को इन विकास कार्यों का लाभ मिलेगा और कस्बे में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
विधायक ने बताया कि कस्बे में स्थित उप जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं दिलाने के लिए वह निरंतर प्रयास कर रहे हैं।