-परियोजनाओं में सरथल छत्रगला के बीच पांच, ओल्ड सांबा-कठुआ सड़क पर एक व दियालाचक छलां मार्ग का एक पुल शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को बॉर्डर रोड आर्गनाइजेशन (बीआरओ) की देशभर में 125 परियोजनाएं जनता को समर्पित कीं। इनमें कठुआ जिले की सात महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शामिल हैं। सभी परियोजनाएं सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे अंतराष्ट्रीय सीमा से लेकर डोडा, भद्रवाह की सरहद तक सुरक्षाबलों की मूवमेंट सुगम होगी। इसके साथ ही दूर दराज क्षेत्र का सड़क नेटवर्क भी बेहतर होगा।
रक्षामंत्री ने सरथल से छत्रगला के बीच पांच पुलों के अलावा ओल्ड सांबा-कठुआ मार्ग पर मुकुंदपुर में भाग नाले पर तीन सौ मीटर लंबे पुल का ई उद्घाटन किया। मुकंदपुर में आयोजित समारोह के दौरान 51 इंफेंट्री ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर अनिमेश जतराना ने पुल जनता को समर्पित किया। वहीं बनी विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह और बीआरओ के संपर्क प्रोजेक्ट के लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश ने बनी में परियोजनाओं का लोकार्पण किया। बीआरओ की 69 आरसीसी के ओसी सी शंकर तयाल ने बताया कि सरथल पुल, बक्शा पुल, जंगलोट एक और जंगलोट दो के अलावा स्वप्नगिरी पुल और दियालाचक छलां मार्ग पर प्रांजलि पुल का भी लोकार्पण रक्षामंत्री ने किया। उन्होंने बताया कि यह सभी बीआरओ की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का हिस्सा हैं।
बनी-बसोहली-भद्रवाह मार्ग पर सरथल से छत्रगलां के बीच यह पुल जहां दूर दराज के इलाके को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ रहे हैं वहीं हाईवे से धार रोड के बीच दियालाचक छलां मार्ग पर प्रांजलि पुल भी बेहद महत्वपूर्ण है। अधिकारी ने बताया कि ओल्ड सांबा-कठुआ मार्ग पर भाग नाले का पुल सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
बनी में दस किलोमीटर लंबी सड़क जनता को समर्पित
बनी में परियोजना के तहत लगभग दस किलोमीटर लंबी सड़क भी जनता को समर्पित की गई है। बनी से भद्रवाह के बीच सड़क को और सुगम बनाएगी। बनी क्षेत्र के पांच पुल ही बीस करोड़ रुपये जबकि सड़क लगभग 57 करोड़ की लागत से बीआरओ ने कठिन परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बीच तैयार की है।
-