मुनी गांव में वार्षिक दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिलावर। मुनी गांव में आयोजित वार्षिक दंगल में देवल के आकिब पहलवान ने डोडा के तारीख पहलवान को मुल्तानी दांव लगाकर पटखनी दी और दंगल पर कब्जा जमा लिया। इसका शुभारंभ दंगल कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया। दंगल में स्थानीय के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग भार वर्ग की 78 कुश्तियां करवाई गईं। छोटी माली का मुकाबला गुलशन पहलवान और लतीफ पहलवान के बीच हुआ। इसमें गुलशन पहलवान ने बार्शीगौता दांव लगाकर प्रतिद्वंद्वी पहलवान को चित करके छोटी माली अपने नाम कर ली।
बड़ी माली का मुकाबला आकिब और तारीख के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटकनी देने के लिए जोर आजमाइश की और एक से बढ़कर एक दांव लगाया। लगभग 25 मिनटों तक चली कुश्ती में आकिब पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वी तारीख को हराकर बड़ी माली अपने नाम कर ली। छोटी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को दंगल कमेटी की ओर से 8000 रुपये की नगद राशि इनाम के तौर पर दी गई। वहीं, बड़ी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को 11000 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दंगल में सेरी, मुनि, पलेल, पल्लन, परनाला, धरालता आदि इलाकों से पहुंचे दंगल प्रेमियों ने दंगल की शोभा बढ़ाई और पहलवानों की हौसलाअफजाई की। दंगल स्थल के पास मेले का आयोजन भी किया गया। इसमें लगाए गए विभिन्न प्रकार के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की। सबसे अधिक उत्साह छोटे-छोटे बच्चों और युवाओं में देखने को मिला। इस मौके पर बोधराज, रमेश चंद्र, सुरेंद्र, सोमराज, अशोक कुमार, बोधराज, बालकृष्ण और पूर्व चेयरमैन राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।