जिले भर में डेंगू के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मलेरिया विंग की टीम को स्प्रे के लिए शहर की विभिन्न वार्डों में भेजा है। जिला उपायुक्त रमेश कुमार के निर्देशानुसार डोर टू डोर स्प्रे छिड़काव के लिए अभियान शुक्रवार को तेज कर दिया है। लगातार दूसरे दिन शहर के वार्ड नंबर सात और आठ में टीम ने घर-घर जाकर छिड़काव किया। दोनाें वार्डों को कवर करते हुए छिड़काव के साथ-साथ लोगों को जागरूक किया। स्प्रे टीम के सदस्यों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से लोगों को राहत मिलेगी।
शहर में कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इस बीमारी की गंभीरता को लेकर सजग होना होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने तो पहल कर दी है, लेकिन इसके साथ ही हमें भी पहल करनी होगी और लोगों को जागरूकता का परिचय देना होगा। स्वच्छता को बनाए रखना भी होगा। वहीं, टीम में शामिल बलबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने व्यापक स्तर पर अभियान को चलाया है। घर-घर जाकर छिड़काव किया जा रहा है, ताकि कोई भी इलाका छूटे नहीं। उन्होंने कहा कि लोगों को भी चाहिए कि वह स्वच्छता बनाए रखकर विभाग का सहयोग करें।