बडाला में लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी देते स्वास्थ्यकर्मी। स्राेत : ग्रामीण
- फोटो : kathua
जिले में 17 दिसंबर से डेंगू का कोई नया मामला नहीं आया सामने
कठुआ। जिले में गत 17 दिसंबर से डेंगू का कोई नया मामला अब तक सामने नहीं आया है। मगर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का क्रम लगातार जारी है।
बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से कठुआ शहर के साथ बडाला गांव में जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। यहां विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को डेंगू के बचाव के बारे में जानकारी दी।
अभियान के तहत घर-घर में जाकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों के घरों में पानी की निकासी एवं पेयजल भंडारण की परिस्थितियों की जांच की। इस दौरान विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को घरों के आसपास साफ-सफाई रखने व पेयजल को कभी भी खुला न रखने की नसीहत दी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को किसी भी तरह के बुखार जो 3 दिन से ज्यादा रहने पर इसकी जांच कराए जाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
जिला मलेरिया विभाग के इंस्पेक्टर लोकेश राज ने बताया कि गत 17 दिसंबर के बाद से जिले में डेंगू का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। मगर इसके बावजूद लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। क्योंकि 16 अगस्त को आए पहले मामले के बाद डेंगू के मामले तेजी से बढ़े थे। हालांकि इस बार विभाग की सक्रियता के कारण न किसी भी मरीज की हालत गंभीर हुई और न ही किसी मरीज की मौत हुई है। मगर 788 मरीज इस दौरान डेंगू पॉजिटिव हुए थे।