बिलावर। उपमंडल के विद्यार्थियों ने बिजली विभाग से शाम पांच बजे से लेकर शाम सात बजे तक दो घंटे के लिए लगने वाले बिजली कट का समय बदलने की मांग की है। दसवीं कक्षा में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी हरीश शर्मा ने बताया कि बिजली विभाग शाम पांच बजे से लेकर दो घंटे के लिए कटौती करता है, जिसके चलते विद्यार्थियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ती है।
आठवीं कक्षा की छात्रा हिमांशी ने बताया के शाम साढ़े पांच बजे अंधेरा हो जाता है, जिसके करीब डेढ़ घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल होती है उन्होंने कहा कि कुछ ही महीनों बाद परीक्षा शुरू होने वाली है और शाम के समय बिजली न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बारहवीं कक्षा के छात्र पारुल, सुमन शर्मा और रितिक ने बताया कि कई बार बिजली विभाग से बिजली कटौती का समय बदलने की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं की जा रही है। विद्यार्थियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि शाम पांच बजे से होने वाली बिजली कटौती का समय बदलकर शाम चार बजे किया जाए, जिससे छह बजे अंधेरा होते ही इलाके में बिजली सप्लाई बहाल हो सके और विद्यार्थियों को राहत मिल सके। विद्यार्थियों ने इस संबंध में बिजली विभाग के आला अधिकारियों से संज्ञान लेने की मांग की है।