संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कठुआ से कीड़ियां-गंडयाल मार्ग पर ई-रिक्शा सेवा को विस्तार देने की स्थानीय लोगों ने मांग की है। कहा कि प्रशासन शहर से कुछ ई-रिक्शा को इस रूट पर चलाने का आदेश जारी करे। इससे शहर में ई-रिक्शा से लगने वाले जाम लोग बचेंगे और संबंधित रूट तीन पंचायतों में रहने वाली आबादी का इसका लाभ मिलेगा।
इस बारे में स्थानीय सुदेश कुमार का कहना है कि पिछले कुछ सालों में शहर में तेजी से बढ़ी ई-रिक्शा की संख्या में इजाफा हुआ है। जबकि इस रूट पर वाहनों के अभाव लोगों ने लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। हालांकि कठुआ शहर से अगर इक्का-दुक्का ई-रिक्शा चल भी रहे हैं तो वाहनों के अभाव में मनमाना किराया लिया जा रहा है।
वहीं, रमेश लाल का कहना है कि अगर यात्री ई-रिक्शा चालक से किराये के बारे में कोई बात करते हैं तो उनका तर्क होता है कि सवारियों के अभाव के कारण उन्हें अपना किराया ज्यादा रखना पड़ता है। क्योंकि 12 किलोमीटर के इस सफर में उनके ई-रिक्शा की बैटरी दो फेरों में खत्म हो जाती है। ऐसे में दो से तीन सवारियों को लेकर किए जाने वाले इस सफर का उन्हें किराया ज्यादा लेना पड़ता है।
जबकि अर्जुन कुमार का कहना है कि इस रूट पर वाहनों के अभाव लोगों को अपने वाहन का उपयोग करने के लिए मजबूर करता है। जिसके कारण चंद एक ई-रिक्शा चलते भी हैं तो उन्हें इतनी सवारिया नहीं मिल पातीं कि उनकी रोजी-रोटी चल पाए। अगर ई-रिक्शा की संख्या ज्यादा हो तो लोगों को जल्दी-जल्दी इनकी सेवा मिल पाएगी। जिससे सवारियों की संख्या भी बढ़ेगी।