राजकीय हाई स्कूल उच्चा पिंड में इमारत नहीं होने से यहां पढ़ रहे 100 से अधिक विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने राजकीय हाई स्कूल के इमारत की निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के इमारत के एक हिस्से को इसी साल मई में असुरक्षित घोषित करने के बाद इमारत को स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार ढहा दिया गया था। कुछ महीने पूर्व आंधी से इमारत के एक हिस्से की टीन उड़ गई और स्कूल में मात्र दो कमरे और एक कंप्यूटर लैब बच गए, जिसमें पहली से दसवीं तक की कक्षाएं चल रही हैं।
यहां के शिक्षक बच्चों को खुले में बैठकर पढ़ाने के लिए मजबूर हैं। स्थानीय पंचायत के पूर्व पंच सुरेश गुप्ता ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से नई इमारत के लिए मंजूरी मिली है। बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। स्कूल में पढ़ रहे विद्यार्थियों को धूप और बारिश की समस्या से परेशान होना पड़ रहा है। वहीं स्कूल में चहारदीवारी भी नहीं होने के कारण कई बार छुट्टा पशु स्कूल परिसर में घुस जाते हैं जिस कारण विद्यार्थियों को दिक्कत होती है। अनु सपोलिया, गिरधारी लाल, मखन लाल, जगतार सिंह आदि ने स्कूल शिक्षा विभाग से जल्द इमारत के निर्माण की मांग की है।