जिले में पहले चरण में बनी और लोहाई मल्हार निर्वाचन क्षेत्र में होने जा रहे चुनावों को करवाने के लिए पोलिंग पार्टियां वीरवार को कठुआ से रवाना की जाएंगी। पहले चरण में 28 नवंबर को 111 पोलिंग स्टेशनों में मतदाता वोट डालेंगे। डीडीसी और पंचायत उपचुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पिछले तीन दिन से राजकीय डिग्री कॉलेज को प्रशासन ने टेक ओवर कर लिया है। जिसके चलते पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
बुधवार दोपहर बाद पोलिंग पार्टियों को कठुआ से ले जाने के लिए वाहनों को भी डिग्री कॉलेज में तैयार कर दिया गया है। डीसी कठुआ ओम प्रकाश भगत और एसएसपी ने पहले चरण के लिए किए गए इंतजामों और पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले राजकीय डिग्री कॉलेज का जायजा लिया।
डीसी ने बताया कि बनी में 67 और लोहाई मल्हार में 44 पोलिंग स्टेशन तैयार किए गए हैं। पोलिंग स्टाफ और सुरक्षा बलों को मिलाकर कुल 15 सौ से अधिक कर्मी पहले चरण के निष्पक्ष और शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न करवाएंगे।
दूर दराज इलाकों में घोड़े, खच्चरों पर पहुंचेंगे कर्मी
उधर, बनी सब डिवीजन में एसडीएम बनी जोगिंद्र सिंह जसरोटिया ने पोलिंग पार्टियों के लिए किए जाने वाले इंतजामों की समीक्षा बैठक की। नोडल अधिकारी और गाइड को पार्टियों के लिए इंतजाम करने को कहा गया है। एसडीएम ने बताया कि निर्देश दिए गए हैं कि बर्फबारी प्रभावित इलाकों में पोलिंग पार्टियों को पहुंचाने के लिए घोड़े और खच्चरों के इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि रौलका के तीन पोलिंग स्टेशनों में बर्फबारी लगातार जारी है, जिनमें डंडी गुट्टू भी शामिल है। दौलका, परिसरगुला, किलोर, डंडियोट के अलावा कोटी चंडियार से सटे पहाड़ों पर भी बर्फबारी हो गई है। इसलिए गर्म कपड़े साथ रखने होंगे। मौसम में सुधार नहीं हुआ तो दूर दराज के इलाकों में बारिश से भी दिक्कतें बढ़ सकती हैं जिसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।