संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला विकास आयुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने पंचायत मंगलूर ईस्ट में जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता की समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए और उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास, जन सेवाओं की उपलब्धता तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया। लोगों ने शीघ्र समाधान की मांग करते हुए सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। डीसी राजेश शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायतों का समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करें और सप्ताह में कम से कम एक-दो बार नियमित फील्ड का दौरा कर विकास कार्यों की निगरानी करें।
उन्होंने बताया कि खेल मैदान की मांग को पहले ही खेल परिषद के साथ उठाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आगामी बुधवार को ब्लॉक में विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण के साथ-साथ जागरुकता शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जनता से 100-दिवसीय नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की और युवाओं को नशे की बुराई से बचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर एडीसी कठुआ महिमा मदान, एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह, सीपीओ रंजीत ठाकुर, आईएएस प्रोबेशनर निधि, एसीडी अखिल सडोत्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।