-संगोष्ठी में विशाल गुप्ता, राहुल शर्मा व सुमित कुमार ने जीते क्रमश: पहले तीन पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राजकीय डिग्री काॅलेज में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा के लिए राजदूत बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला मोटर वाहन विभाग (एमवीडी), ट्रैफिक पुलिस ग्रामीण और जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया। काॅलेज सभागार में सड़क सुरक्षा पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न डिग्री काॅलेजों के 12 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें डिग्री कालेज कठुआ के विशाल गुप्ता, राहुल शर्मा और सुमित कुमार ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा पुरस्कार अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास और विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यातायात ग्रामीण विभाग जम्मू गिरधारी लाल शर्मा उपस्थित रहे। डॉ. मिन्हास ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जमीनी स्तर पर सुरक्षा उपायों पर समाज को शिक्षित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और अपने समुदायों में सड़क सुरक्षा के लिए राजदूत बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रभावशाली जागरूकता पहल के लिए काॅलेज प्रशासन, एमवीडी और ट्रैफिक पुलिस की सहराना की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कहा कि गत वर्ष जिले भर में सड़क दुर्घटनाओं के कारण 91 लोगों की मौतें हुईं जिसमें ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग करना मुख्य कारण सामने आया है। उन्होंने प्रतिभागियों से यातायात नियमों को गंभीरता से लेने और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों के पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में भूविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संजय करलूपिया, स्टाफ सचिव डॉ. यश पॉल शर्मा, कनिका शर्मा, निकिता शर्मा, प्रो. शालिनी शर्मा, प्रो. नीलम बारू, प्रो. रविंदर कौर, प्रो. रूपिंदर कौर, प्रो. शिवानी कोटवाल आदि मौजूद रहे।