बिलावर। पल्लन गांव में मंगलवार को वार्षिक दंगल आयोजित किया गया। इसमें पंजाब के दीनानगर से आए शमशेर पहलवान ने पंजाब के कन्हैयालाल पहलवान को मच्छीगौता दांव लगाकर चित कर दिया।
उपप्रभागीय पुलिस अधिकारी नीरज पडियार और दंगल कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दंगल का शुभारंभ किया। दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 100 से अधिक कुश्तियां करवाईं गईं।
छोटी माली का मुकाबला बग्गन के राकेश पहलवान और पंजाब के कन्हैयालाल पहलवान के बीच हुआ जिसमें कन्हैयालाल ने अपने प्रतिद्वंद्वी को सवारी दांव लगाकर छोटी माली जीतकर बड़ी माली में प्रवेश कर लिया। बड़ी माली में शमशेर ने कन्हैया लाल को हराया।
दंगल कमेटी की ओर से बड़ी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को 20,000 की नकद राशि इनाम के तौर पर दी गई जबकि छोटी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को 15,000 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
दंगल में जम्मू कश्मीर प्रदेश के पहलवानों के साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई पहलवानों ने हिस्सा लिया। स्थानीय पहलवानों ने बेहतरीन मल्ल युद्ध का प्रदर्शन कर दंगल देखने पहुंचे दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। दंगल स्थल के पास मेले का भी आयोजन हुआ, जिसमें लगाए गए अलग-अलग प्रकार के पकवानों के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की।
इस मौके पर थाना प्रभारी जाहिर मुश्ताक, प्रेम सिंह भडवाल, शिवदेव सिंह, सुभाष शर्मा, प्रदीप सिंह, ओंकार सिंह समेत दंगल कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।