सीआरपीएफ की 121वीं बटालियन ने वीरवार को हीरानगर मुख्यालय में धूमधाम से स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर यहां मेले का आयोजन किया गया, जिसमें कई तरह के पकवान और खेल का लोगों ने आनंद लिया। मेले का उद्घाटन कमांडेंट प्रह्लाद पासवान ने किया। उन्होंने बताया 1 अप्रैल 1991 को दिल्ली में 121वीं बटालियन की स्थापना हुई थी, जिसका 30 वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर उन सभी अधिकारियों और जवानों को मुबारकबाद, जिन्होंने इस बटालियन के माध्यम से देश की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
मेले में छोले भटूरे, बिरयानी, इडली, दही भल्ला, आलू टिक्की जैसे पकवानों का भी लोगों और जवानों ने स्वाद लिया। इसके अलावा यहां बिंदी प्रतियोगिता, मटकी फोड़ प्रतियोगिता, फुटबॉल, वालीबॉल, थ्रो रिंग, रस्साकशी के खेल भी कराए गए। संध्या काल में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि को बड़े खाने का आयोजन भी यहां किया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. मोहम्मद लतीफ खान, द्वितीय कमान अधिकारी संजय त्रिपाठी, द्वितीय कमान अधिकारी नीलम सारंगल, उप कमांडेंट मंजु थापा, उप कमांडेंट सुरेंद्र पाल भी मौजूद रहे।