हीरानगर कस्बे में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ वीरवार को म्यूनिसिपल कमेटी ने कार्रवाई की। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान को भीतर रखने की हिदायत देने के साथ दुकानों के बाहर बने पक्के निर्माण को तुड़वा दिया। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष विजय शर्मा मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि बाजार में दुकानों के बाहर अतिक्रमण के चलते यहां आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा यहां सीवरेज का काम भी चल रहा है, जिसके लिए दुकानों के बाहर किया गया पक्का अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले हीरानगर मोड़ पर भी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया था। वहां पानी की निकासी के लिए बने नाले पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था, जिसे जेसीबी से तोड़ा गया। इस मौके पर कमेटी के ईओ अमित शर्मा, सदस्य संजय शर्मा, सदस्य सुभाष चंद्र लाहोरी मौजूद रहे।