गुरु रविदास की 644वीं जयंती पर शहर के पारलीवंड स्थित रविदास सभा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।, जिसमें जिला भर से आए लोगों ने गुरु रविदास का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भजन कीर्तन करते हुए गुरु के पद चिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। डीसी ओम प्रकाश ने भी उपस्थित अनुयायियों को गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
गुरु रविदास सभा के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ध्यानचंद ने कहा कि गुरु रविदास ने समाज में मानवता को बढ़ावा दिया और जाति, धर्म से ऊपर उठकर समाज को संदेश व प्रेरणा दी। हमें उनके जीवन का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन को सफल बनाने के लिए सभी को एक साथ लेकर चलना होगा और प्रेम के साथ बराबर समझते हुए उनके उत्थान के लिए कार्य करना होगा। उनके द्वारा कही हुई बातें आज भी प्रासंगिक हैं। उनका अनुसरण कर मानवता को दृढ़ किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में गुरु रविदास सभा द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया गया।