बिलावर में सीआरपीएफ की 121वीं बाहिनी की ओर से साइकिल रैली का आयोजन ।स्रोत जागरूक पाठक।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में एक से 14 जून तक मनाए जा रहे साइक्लिंग उत्सव के तहत 121वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से संडेज ऑन साइकिल का विशेष संस्करण आयोजित किया गया। रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस साइकिल रैली का उद्देश्य साइक्लिंग, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में 121वीं बटालियन के कमांडेंट अरविंद सिंह, उप कमांडेंट संदीप कुमार शर्मा, अन्य अधिकारियों, जवानों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन के रूप में साइकिल अपनाने का संदेश दिया गया। रैली के सफल समापन पर कमांडेंट अरविंद सिंह ने कहा कि कार्यक्रम की व्यापक सफलता इस बात का प्रमाण है कि समाज में फिटनेस के प्रति जागरुकता बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना एक सरल, सुलभ और टिकाऊ शारीरिक गतिविधि है, जिसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने रैली में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों, जवानों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं। सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, बल की ओर से सामाजिक जागरुकता अभियान चलाए जाते हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है।