बजरी से भरी ट्राली समेत ट्रैक्टर पलट जाने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कंवलजीत वर्मा उर्फ छोटे निवासी सैलना के शव को बड़ी मशक्कत से ट्रैक्टर के नीचे से निकाला जा सका। रामकोट पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार की सुबह हुआ। कंवलजीत वर्मा अपने दोस्त के साथ ट्रैक्टर (जेके08डी-8121) से उज्ज दरिया से बजरी लेकर दरम्मनी गांव की तरफ जा रहा था। ट्रैक्टर अभी दरिया से बाहर निकलने वाले कच्चे रास्ते के बीच ही पहुंचा था कि इसका संतुलन बिगड़ गया।
इससे ट्रैक्टर ट्राली सहित पलट गया। ट्रैक्टर पलटते देख चालक कूद कर फरार हो गया, जबकि कंवलजीत इसके नीचे दब गया। वह ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खबर पाकर मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को बड़ी मुश्किल से निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस हादसे से इलाके में शोक है। कंवलजीत के घर पर संवेदना जताने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर शाम तक पहुंचते रहे।