ज्वाइंट एक्शन कमेटी(ऑल जेके जनरल कैटेगरी और बिरादरी) ने रविवार को विशाल रैली का आयोजन कर प्रमोशन में आरक्षण का विरोध किया। हीरानगर तहसील में पहली बार प्रमोशन में आरक्षण के विरोध में आयोजित इस रैली में विभिन्न वर्गों के लोगाें ने हिस्सा लिया और आरक्षण के विरोध में आवाज बुलंद की।
समाधि मैदान में एकत्रित हुए विभिन्न सभाओं और बिरादरियों के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली समाधि मैदान से शुरू होकर पूरे कसबे के बीच होते हुए निकली। नेता जी चौके के साथ साथ मुख्य बाजार से होते हुए रैली वापस समाधि मैदान में आकर समाप्त हुई।
इससे पूर्व आयोजित विरोध बैठक में ज्वाइंट एक्शन कमेटी के जिला प्रवक्ता अंकुर शर्मा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने जो भी फैसला दिया है उसका वह समर्थन करते हैं, लेकिन आरक्षण को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
उन्हाेंने कहा कि वह जाति आधारित समाज नहीं चाहते हैं, इसलिए जाति आधारित आरक्षण के विरोध में आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के कई मंत्री आरक्षण के समर्थन में त्याग पत्र देने की बात कर रहे हैं। जिससे साफ है कि वह आरक्षण को समाज के उत्थान का नहीं बल्कि लोगों को गुमराह करने के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं।