धार-उधमपुर मार्ग पर गुडा कल्याल गांव के पास मिनी बस ने बाइक सवार को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में 17 वर्षीय नीतीश कुमार शर्मा पुत्र शिवदत्त शर्मा निवासी ठेंठु की मौके पर ही मौत हो गई। मिनी बस चालक फरार है।
पुलिस ने मिनी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार की शाम करीब छह बजे हुआ। पुलिस के अनुसार बिलावर से नगरोटा गुजरू जा रही मिनी बस नंबर जेके08बी-7013 ने गुडा कल्याल गांव के पास सामने से आ रहे मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार नीतीश कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मिनी बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। राहगीरों ने शव को पीएचसी रामकोट पहुंचाया। युवक की मौत से गुडा कल्याल ठेंठु सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग शोक व्यक्त करने के लिए उसके घर पहुंचे।