शुक्रवार की देर रात एक रिहायशी कुल्ले में आग लगने से कुल्ले में रखा सारा सामान जल गया। आग लगने पर कुल्ले में सो रहे लोग बाहर आ गए और कड़ी मशक्कत के बाद मवेशियों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया, हालांकि कुल्ले में रखा सामान जल गया।
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मग्गर खड्ड के पास बने एक रिहायशी कुल्ले में आग लग गई। कुल्ले के मालिक मोहम्मद रफीक ने फोन पर इसकी सूचना दमकल विभाग को दी, लेकिन रास्ता न होने के कारण टीम को घटनास्थल पर पहुंचने में देर लगी।
जैसे-तैसे मौके पर पहुंची टीम ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन कुल्ले में रखा अधिकतर सामान जलकर राख हो गया था। मोहम्मद रफीक ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद सभी सो गए। कुछ देर बाद जब घर वालों को अहसास हुआ कि गर्मी बढ़ गई है तो वे उठ गए और देखा कि कुल्ले में आग लग गई है।
फौरन बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि आग में उनकी गृहस्थी का सारा सामान जल गया। कपड़े, बच्चों की किताबें व अन्य घरेलू सामान जल गया है। विभाग ने रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।