बसोहली। जम्मू-कश्मीर बैंक की गडोडी शाखा में कैश की चोरी के प्रयास और बंदूक की चोरी मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को पुलिस की एफएसएल टीम गडोडी जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखा में पहुंची और वहां से सुराग जुटाने का काम शुरू किया। टीम ने संदिग्धों के फिंगर प्रिंट लेकर अन्य सभी सुराग जुटाए।
थाना प्रभारी संजीव चिब ने बताया कि इस मामले में जांच जारी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। ज्ञात रहे कि बीती बुधवार की देर रात चोर जेएंडके बैंक गडोडी की इमारत के बाहरी हिस्से की दीवार फांदकर भीतर घुसे थे। चोरों ने चोरी करने से पहले बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोडा था, चोरों ने बैंक के सेफ में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए थे। बैंक में रखी सुरक्षा गार्ड की गन से चोरों ने लाकर पर गोली भी चलाई, लेकिन वह उसे तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए। जाते समय चोर बैंक में रखी सुरक्षा गार्ड की 12 बोर की बंदूक उठा ले गए। वीरवार सुबह बैंक खुलने पर फाइलें इधर-उधर बिखरी पड़ी थीं, तब शाखा प्रबंधक ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की थी।