बसोहली। रविवार को बसोहली के कुंड इलाके में पुजारी और उनकी पत्नी को एक घर में बंधक बनाकर पीटने का मामला प्रकाश में आया है। पुजारी व उनकी पत्नी को बंधक बनाने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग वहां पहुंच गए और दोनों को छुड़ा लिया। इस घटना से नाराज लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर प्रदर्शन भी किया।
जानकारी के मुताबिक सब डिवीजन के ग्रामीण क्षेत्र कुंड में कुछ लोगों ने पुजारी और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और उन्हें एक घर में बंधक बनाकर रस्सियों से बांध दिया। रविवार को इस संबंध में एक वीडियो भी वायरल हो गया। पुजारी और उनकी पत्नी को पीटने की घटना पर क्षेत्र के लोगों ने कड़ा रोष जताया है और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की है।
मंदिर के पुजारी धनीराम और उनकी पत्नी रतो देवी ने लिखित शिकायत पुलिस स्टेशन बसोहली में दर्ज करवाई है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि घास के किसी मसले को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद उनके घर पर गांव के दो लोग आए, जिन्होंने पुजारी और उनकी पत्नी को पीटने के बाद एक घर में बंधक बनाकर उन्हें रस्सियों से बांध दिया। करीब चार घंटे तक वह रस्सियों से बंधे रहे। इस दौरान उन्हें बंधक बनाने वाले दो लोग भी वहां मौजूद थे। आसपास के लोगों को जब इस बात की जानकारी मिली तो वे पुजारी और पत्नी की मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने उन्हें वहां से मुक्त करवा लिया। पुजारी की मदद के लिए आए लोगों को देखकर आरोपी वहां से भाग निकले। पुजारी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने उनको लाठियों से पीटा। लाठी से मारने से उनके हाथ की एक अंगुली भी टूट गई है। मंदिर में करीब एक लाख रुपये चोरी होने की बात भी पुजारी ने बताई। पुलिस ने उनका मेडिकल करवाया और मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।