जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के वार्ड-16 कालीबड़ी इलाके में सोमवार की देर रात एक घर में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग से काफी सामान जल चुका था। किसी तरह आग बुझाई गई। गनीमत रही कि उस समय घर पर कोई नहीं था और कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ।
दमकल विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात उन्हें फोन पर कालीबड़ी इलाके के एक घर में आग लगने की सूचना मिली। टीम को तत्काल आग बुझाने के लिए रवाना किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दूसरी तरफ घर पर रहने वाली संतोष देवी ने बताया कि वह इस घर में किराए पर रहती हैं। सोमवार की रात को वह जागरण देखने के लिए गई थीं और परिवार के बाकी सदस्य भी जागरण में ही थे।
लेकिन रात को उन्हें स्थानीय लोगों ने फोन पर घर में आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद वह जागरण को बीच में छोड़कर घर के लिए दौड़े, लेकिन जब तक वह पहुंचते आग से पूरा घर जल गया था। उन्होंने बताया कि आग से घर पर रखे सभी इलेक्ट्रानिक सामान के साथ-साथ फर्नीचर और बाकी सामान जल गया है। उन्होंने बताया कि नुकसान का अभी आकलन नहीं किया गया है, लेकिन नुकसान लाखों में है। दमकल विभाग ने भी नुकसान के लिए जांच जारी कर दी है।