कठुआ। राज्य में लगातार प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी का प्रयास जारी है। दो दिन पहले ही जहां एसओजी और राजबाग पुलिस ने हाईवे पर 8020 नशीली दवाओं की खेप को बरामद की थी, वहीं रविवार को लखनपुर टोल पोस्ट पर एक बार फिर नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद हुई है। आबकारी विभाग ने शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि दो ट्रकों से प्रतिबंधित दवाओं की खेप को बरामद करने में सफलता पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक (जेके08ई-3535) और (जेके03ई-2085) से प्रतिबंधित दवाई बरामद हुई है। अधिकारियों ने बताया कि एक ट्रक (जेके03ई-2085) में टाइलें और दूसरे ट्रक (जेके08ई-3535) में परचून माल बताया गया था। तलाशी लेने पर पहले वाहन से जहां 950, जबकि दूसरे से 3675 नशीली दवाएं बरामद हुईं। वाहन को औचक जांच के लिए जैसे ही लगाया गया, दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। आबकारी आयुक्त ने टोल प्लाजा की टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।