कठुआ। सिटी थाना अंतर्गत पटेल नगर इलाके में चोरों में दो घरों में सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस को सुबह सूचित किया गया तो पुलिस ने घर की जांच करने के बाद मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार युगल किशोर किसी के घर पर सोया था। वीरवार रात को उसने अपने घर को ताला लगाया और पास के ही एक व्यक्ति के कहने पर उसके घर में रखवाली के लिए गया था। सुबह जब अपने घर पर आया तो घर का दरवाजा खुला हुआ था और घर से आभूषण गायब थे। उधर, खेमराज के घर में चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर आभूषण चुरा लिए।
पटेल नगर में ही तीन आटो से बैटरियां चुराने का मामला भी सामने आया है। आटो मालिक बनारसी ने बताया कि उनके आटो से बैटरी गायब है। उनकी दुकान के पास ही कालेज मार्ग के दूसरी ओर एक दुकान के आटो से भी बैटरी गायब है। दुकान के पास खड़े एक यात्री आटो की भी बैटरी चोरी हो गई है। एक साथ तीन आटो से बैटरी गायब होने से इलाके में चर्चा बढ़ गई है। गौरतलब है कि कुछ महीने पूर्व ही पुलिस ने बैटरी चोरों को भी पकड़ा था। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति भारी रोष देखा जा रहा है। लोगों का कहना है पुलिस चोरों का पता लगाने में नाकाम रहती है, जिससे चोरियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं लेता है।