कठुआ। मंगलवार को राज्य के प्रवेशद्वार लखनपुर में पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों के बीच हाथापाई का मामला चर्चा का विषय बना रहा। सूत्रों के अनुसार जम्मू की ओर से आ रहे एक ट्रक को पकड़ने को लेकर मामला बढ़ा, जिसके बाद दोनों विभागों के कर्मचारी भिड़ गए।
बताया जा रहा है कि ट्रक को पुलिस ने पकड़ा जिसके बाद वन विभाग ने उसे जबरन अपने कब्जे में ले लिया तो मामला बढ़ गया। मामला दोपहर एक बजे के बाद का है, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर लखनपुर थाने में लगा दिया। ट्रक में क्या था फिलहाल इसे लेकर कुछ भी जानकारी सांझा नहीं की गई। देर शाम तक पुलिस और वन विभाग के आला अधिकारी मामले को लेकर लखनपुर में ही डटे रहे।
उल्लेखनीय है कि राज्य के प्रवेशद्वार लखनपुर से विलो कलेफ्ट और पालीथिन की तस्करी का एक बढ़ा गिरोह सक्रिय है। सूत्रों की मानें तो राज्य से बाहर विलो की तस्करी की जा रही है तो वहीं पालीथिन को सीमेंट की आड़ में राज्य में लाया जा रहा है। सीमेंट लदे ट्रकों की लखनपुर टोल प्लाजा पर जांच अधिक नहीं की जाती चूंकि इसे उतारने के लिए लेबर भी तैयार नहीं होती है। ऐसे में तस्कर इस हथकंडे को अपनाकर राज्य में पालीथिन प्रतिबंध की धज्जियां उड़ा रहे हैं। मामले में कई विभागों की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है।