हीरानगर। कंडी क्षेत्र के गांव मंगलूर के नजदीक नर्सरी में स्थानीय लोगों ने गोवंश तस्करी का एक बड़ा प्रयास विफल करते हुए 100 से अधिक गोवंशो को मुक्त कराया। पुलिस ने आठ लोगों को भी हिरासत में लिया है। मवेशियों को लेकर जा रहे कुछ लोगों ने बताया कि उन्हें गोवंश ले जाने के लिए उनके ठेकेदार ने हजार से 2500 रुपये देने को कहा था।
जानकारी के अनुसार सुबह कुछ लोगों को जानकारी मिली कि नर्सरी में अवैध ढंग से गोवंशों को ले जाने के लिए इकट्ठा किया गया है। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से मवेशी ले जा रहे लोगों से परमिशन के दस्तावेज देखे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अन्य मवेशियों से गोवंशों को अलग कर दिया। इस दौरान करीब 100 से अधिक गोवंश अलग किए गए, जो अवैध ढंग से ले जाए जा रहे थे। बाद में इन्हें गोशाला ले जाया गया। पूर्व सरपंच रॉकी शर्मा ने बताया कि उन्हें सुबह जानकारी मिली कि नर्सरी में अवैध ढंग से गोवंश ले जाने के लिए कई मवेशियों का इकट्ठा किया गया है। कुछ युवाओं के साथ वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गर्मियों के मौसम में समुदाय विशेष के लोग अपने माल मवेशी लेकर पहाड़ी इलाकों की ओर जाते हैं। उन्हीं की आड़ में तस्करों ने गोवंश की तस्करी का प्रयास किया। मौके पर कुछ युवाओं से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें ठेकेदार ने गोवंश को इन मवेशियों के साथ आगे ले जाने के लिए पैसे दिए हैं। वहीं चड़वाल चौकी प्रभारी रियाज अहमद ने बताया कि इस मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।