बसोहली। शनिवार को एक निजी स्कूल से घर लौटी पांच वर्षीय आकांक्षा पुत्री आकाश जैसे ही ऑटो रिक्शा से नीचे उतरकर वार्ड संख्या आठ बसोहली में स्थित अपने घर की ओर जाने लगी कि अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गई और सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गई। घटनास्थल पर उपस्थित लोगों व परिजनों ने उसे सड़क से उठाया और इलाज के लिए निजी चिकित्सालय बसोहली पहुंचाया, जहां से आगे गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार के लिए परिजन उसे पठानकोट अस्पताल ले गए।
इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी जाहिद और ऋषभ ने बताया कि जैसे ही पांच वर्षीय आकांक्षा ऑटो से उतरकर घर की ओर जाने लगी कि अचानक पीछे से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। यह घटना वहां पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी मदद से स्थानीय लोगों ने मोटरसाइकिल के नंबर और व्यक्तियों की तस्वीर भी अपने कमरे में कैद कर ली। वहीं बसोहली पुलिस ने भी घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और इस संदर्भ में मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। लोगों ने यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। कहा कि वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने के लिए यह स्पीड ब्रेकर बहुत ही जरूरी हैं। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, उससे थोड़ी दूरी पर वीर सावरकर हायर सेकेंडरी स्कूल भी है। यहां से बच्चे रोजाना स्कूलों में पैदल व वाहनों के जरिए आवाजाही ही करते हैं, इसलिए यहां स्पीड ब्रेकर बनाना बेहद जरूरी है।