कठुआ। जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में एक महिला और एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है, जहां उन दोनों का उपचार जारी है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना नगरी इलाके में हुई, जहां एक राहगीर महिला को वहां से गुजर रही स्कूटी ने टक्कर मार दी। इसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे परिजनों ने उपचार के लिए नगरी उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया है। घायल महिला की पहचान 55 वर्षीया व्यसो देवी पत्नी गुलजारीलाल निवासी नगरी के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य हादसा लखनपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेश आया है। यहां गोल्डन गेट के पास एक अज्ञात वाहन ने वहां से गुजर रहे रात को भोजन करने के लिए रुके ट्रक चालक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। उसे जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। घायल की पहचान 42 वर्षीय भरोसी यादव पुत्र रजिंदर यादव निवासी बिहार के रूप में हुई है।
जीएमसी कठुआ में उपचाराधीन घायल ने बताया कि वह अंबाला से जम्मू के लिए ट्रक में गैस सिलिंडर लेकर आया था। जम्मू से वापस अंबाला लौट रहा था और लखनपुर में खाना खाने के लिए रुका था।