कठुआ। शहर में भाजपा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह की रैली में शामिल एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। कॉलेज रोड पर ओल्ड सुपर बाजार के पास हुई इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। इस घटना में स्कूटी सवार तो सुरक्षित बच गया, लेकिन स्कूटी पूरी तरह से जल गई है।
बुधवार को शहर के कॉलेज रोड प्रचार अभियान के तहत निकाली गई रैली में शामिल भाजपा कार्यकर्ता देवेंद्र निवासी माह जैसे ही ओल्ड सुपर बाजार के पास पहुंचे तो उनकी स्कूटी में आग भड़क गई। जैसे तैसे उन्होंने अपनी जान बचाई और स्कूटी छोड़कर सुरक्षित स्थान पर आए। स्कूटी में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद लोगों को आग बुझाने का मौका नहीं मिल पाया। इसके बाद इसकी सूचना फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज को दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग को काबू किया लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी।