भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से कुछ किलोमीटर की दूरी पर हीरानगर के जांडी गांव से सटे नाले में एक संदिग्ध बैग देखे जाने पर सनसनी फैल गई। सेना की वर्दी के कपड़े के रंग के बैग को खोलकर जांच की गई, तो उसमें पुलिस वर्दी की 10 खाकी पैंट्स पाई गईं।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा इलाका और घुसपैठ की आशंका के चलते पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। ढाई घंटे तक क्षेत्र को खंगालने के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। सुरक्षा बलों ने दोपहर में नाले से सटी इमारतों और झाड़ियों वाले इलाकों को भी खंगाला है।
जांडी बाग के आसपास का इलाका भी खंगाला गया। पूर्व में घुसपैठ की कई कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सुबह करीब 11 बजे नाले पर बने पुल के किनारे से गुजरते हुए लोगों ने सेना की वर्दी के रंग जैसा बैग देखा। इसकी सूचना नजदीकी पुलिस चौकी पर दी।
पुलिस ने बैग को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में हीरानगर थाने में ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार बैग में से 10 खाकी पेंट बरामद की गई हैं। बैग मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां चौकन्ना हो गईं। पुलिस, एसओजी, सीआरपीएफ, सेना ने संयुक्त तौर पर इलाके में करीब ढाई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया।
एसएसपी कठुआ रमेश चंद्र कोतवाल ने बताया कि जांडी खड्ड से बैग मिला था, जिसमें वर्दी की पैंट्स थीं। उन्होंने कहा कि ऐसे पैंट्स पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ में इस्तेमाल की जाती हैं। संभवत: किसी ने इसे फेंका होगा। इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने घुसपैठ की किसी भी आशंका से साफ इंकार किया है। कहा कि सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी निगरानी बरती जा रही है।