कठुआ। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे ढली गांव में ड्रोन से स्टिकी बम मिलने के बाद सरकार ने आम लोगाें और ट्रांसपोर्टरों को आगाह कर दिया है। सरकार से मिले आदेश के बाद रविवार शाम को पुलिस ने लाउडस्पीकर से मुनादी कर लोगों से कहा कि वे शहर में गलियों, सड़कों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पार्क किए जाने वाले वाहनों की रोजाना जांच के बाद ही चलाएं।
एसएसपी आरसी कोतवाल का कहना है कि चुंबकीय विस्फोटकों का कश्मीर संभाग में हो चुका है। कठुआ में ऐसे बम मिलने के बाद लोगों को सतर्क किया जा रहा है। आम लोगों को जागरूक करने के साथ ट्रक यूनियन और बस यूनियनों से भी बात की गई है। जिनके वाहन अमूमन रात के समय बाहर ही खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि स्टिकी बम के खतरे से सतर्कता बरतकर ही निपटा जा सकता है। वाहन में कुछ भी संदिग्ध लगे तो फौरन पुलिस को सूचित करें।