सफाई की समस्या का समाधान न होने पर नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन करते वार्ड 21 के लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के वार्ड 21 में व्याप्त समस्याओं का समाधान न होने पर स्थानीय लोगों ने कड़ा रोष जताया है। रविवार को स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते गुस्से का इजहार किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में उनकी समस्या का समाधान नही किया गया तो इसके खिलाफ लोग सड़क पर उतरेंगे।
प्रदर्शनकारियों में शामिल देवो रानी ने कहा कि उनके वार्ड में सफाई के नाम पर साल में एक या फिर दो बार ही सफाई कर्मचारी दिखाई देता है। वार्ड में आज भी आधी से ज्यादा गलियां कच्ची है। जहां पानी की निकासी का प्रबंध न होने के कारण लोगों के घरों से निकलने वाला पानी इन्हीं गलियों में बहता है। इस कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही बारिश के दिनों में हाइवे की ओर से आने वाले पानी के साथ उनके घरों में गंदगी भर जाती है। इसका समाधान परिषद द्वारा आज तक नही किया गया है।
वहीं, आप नेता एसके भंडारी ने कहा कि म्यूनिसिपल कमेटी के चुनाव के दौरान चुने गए पार्षदों से मतदाताओं को आश्वासन दिया था कि वह उनकी गलियों-नालियों और सफाई जैसी समस्याओं का समाधान करेंगे। लेकिन एक बार चुनाव जीतने के बाद वह अपने घरों में छिप गए है। जिनके कारण लोगों को परिषद से मिलने वाली सुविधाओं के लिए भी दरबदर होना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया तो लोगों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ सकता है।