पुलिस मॉर्टियर्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच के लिए सजाया गया शहर का स्पोर्ट्स स्टेड
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले पुलिस मार्टीयर्स टी-20 नॉर्थ जोन चैंपियनशिप के महा मुकाबले के लिए मैदान सज गया है। शनिवार को भीषण ठंड और कोहरे के बावजूद इस मुकाबले के उद्घाटन सत्र को बेहतरीन बनाने के लिए जिला पुलिस के जवान, अधिकारी के साथ-साथ शहीद वेलफेयर कमेटी के सदस्य दिन भर मैदान में कड़ी मशक्कत करते रहे। ताकि उद्घाटन में मैच को यादगार बनाया जा सके।
इस संबंध में शहीद वेलफेयर कमेटी के प्रधान रविंद्र सिंह सलाथिया ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट एकेडमी नई दिल्ली और लाइफ केयर लखनऊ उत्तर प्रदेश से आई टीमों के बीच प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच खेला जाएगा। इस मौके पर जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। जबकि एडीजीपी मुकेश सिंह विशेष अतिथि रहेंगे। शहीदों की याद में सजाई गई विशेष गैलरी में जम्मू कश्मीर की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि देने के उपरांत प्रतियोगिता का पारंपरिक किया जाएगा। कोरोना की महामारी को देखते हुए इस बार उद्घाटन सत्र को सीमित रखा गया है जिससे यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम इस बार नहीं देखने को मिलेंगे और पहले दिन सिर्फ एक मुकाबला खेला जाएगा। जबकि इसके बाद प्रतिदिन दिन में 20-20 ओवरों के दो मुकाबले खेले जाएंगे। जिसके लिए उनकी कमेटी जिला पुलिस ने सभी इंतजाम कर लिए हैं।