द्रमनी में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ करते गणमान्य। संवाद
रामकोट। तहसील के द्रमनी इलाके में सोमवार से क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई। पहला मुकाबला नगरोटा गुजरु और एटॉमिक नॉर्थ किशनपुर की क्रिकेट टीम के बीच हुआ। नगरोटा गुजरु के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
नगरोटा गुजरु की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 190 रन का बड़ा लक्ष्य एटॉमिक नॉर्थ किशनपुर क्रिकेट टीम के आगे रखा। मैच में नगरोटा गुजरु के बल्लेबाज विवेक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। 191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एटॉमिक नाॅर्थ किशनपुर की टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 70 रनों पर ऑलआउट हो गई। नगरोटा गुजरु टीम के गेंदबाज पीयूष ने शानदार गेंदबाजी की।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला विकास परिषद नगरोटा के सदस्य नारायण दत्त त्रिपाठी मौजूद रहे। उन्होंने डीएसपी सबिंदर सिंह के साथ मिलकर क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। वहीं, डीएसपी सबिंदर सिंह ने युवाओं को नशे और मोबाइल के अधिक इस्तेमाल की लत से दूर रहने की अपील की। उन्होंने शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए ज्यादा से ज्यादा खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने को प्रेरित किया। संवाद