कठुआ। जिला में भारी बारिश के कारण स्थगित दसवीं पुलिस मार्टियर्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता एक बार फिर शुरू हो गई है। दस दिनों के बाद शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतियोगिता का चौथा क्वार्टर फाइनल साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर और जीएसआई श्रीनगर के बीच हुआ। नॉक आउट आधार पर होने वाले इस क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत हासिल कर साबी क्रिकेट क्लब की टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। सर्द हवा और बादल छाए रहने के बावजूद खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
चौथे क्वार्टर फाइनल में टॉस जीतकर साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जीएसआई श्रीनगर टीम ने 20 ओवर में 07 विकेट के नुकसान पर 116 रनों का स्कोर बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर ने 117 रनों के लक्ष्य को 20 ओवर में 09 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसके साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम भी बन गई। इस पारी के दौरान टीम के प्रमुख बल्लेबाज तरुण शर्मा रहे, जिन्होंने 24 गेंदों में 26 रन बनाए।
मैच के दौरान सोहेल खान को अपने कोटे के 04 ओवर में शानदार गेंदबाजी स्पेल के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इसमें उन्होंने 21 रन देकर महत्वपूर्ण 04 विकेट लेते हुए टीम की जीत को सुनिश्चित बनाया।
17 जनवरी को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
शहीद वेलफेयर कमेटी के प्रधान रविंद्र सिंह सलाथिया ने बताया कि उत्तर भारत की इस बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट अकादमी नई दिल्ली और साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर के बीच मैच खेला जाएगा। रविवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला विक्की इलेवन पठानकोट और लाइफ केयर लखनऊ केे बीच होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 17 जनवरी को खेला जाएगा। इसमें जम्मू कश्मीर पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह मुख्य अतिथि रहेंगे।