हीरानगर। कंडी क्षेत्र की पंचायत चंदवा के हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में रविवार को दलजीत जसरोटिया मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू कराई गई। प्रतियोगिता का आयोजन पंचायत के लोगों की ओर से किया गया है, जिसमें जिले के विभिन्न इलाकों से टीमें हिस्सा ले रही हैं।
डीडीसी के सदस्य अभिनंदन शर्मा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ चडवाल चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण सलाथिया भी मौजूद रहे।
अभिनंदन शर्मा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं का खेलों की ओर रुझान बढ़ता है। जिसकी आज समाज में बेहद जरूरत है। खेलकूद की ओर आकर्षित होने वाले युवा नशे जैसी बुरी आदतों से बचते हैं और शारीरिक तौर पर भी मजबूत होते हैं। आज अगर हम खेलों में हिस्सा लेते हैं तो इसके दो फायदे हैं। एक बुरी आदतों से छुटकारा, और दूसरा कोरोना महामारी से लड़ने के लिए मजबूत शरीर मिलता है।
प्रतियोगिता के आयोजक एवं पूर्व सरपंच योगेश सिंह ने कहा कि इसी गांव के युवक दलजीत जसरोटिया की एक हादसे में मौत हो गई थी। उसी की याद में हर वर्ष यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न इलाकों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस मौके पर पंच बलबीर सिंह जसरोटिया, युद्धवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, मोहन कुमार डब्ब, आदि मौजूद रहे।