महानपुर। बिजली कटौती और कम वोल्टेज की सप्लाई मिलने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, पिछले दिनों एडीसी तिलक राज थापा के दौरे के दौरान लोगों ने बिजली कटौती को कम करने और कम वोल्टेज की सप्लाई को दूर करने की मांग की थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
समाज सेवक जोगिंदर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से बिजली विभाग लगातार बिजली कटौती कर रहा है। जिसके चलते छोटे दुकानदारों जिनमें आटा चक्की, हलवाई, वेल्डिंग करने वालों सहित अन्य को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब बिजली आती है तो कम वोल्टेज सप्लाई के चलते फिर भी काम नहीं हो पाता।
सरपंच सुरजीत सिंह ने बताया कि दुकानदारों और कई घरों के उपकरण भी कम वोल्टेज होने के चलते खराब हो रहे हैं। इसके साथ विभाग ने बिजली कटौती को भी बढ़ाया है, जिससे लोगों की समस्या और बढ़ गई है। उन्होंने मांग की है कि विभाग बिजली कटौती को कम करे और कम वोल्टेज की समस्या को भी दूर करे।