अप्रैल 2020 से जिले में शुरू हुआ संक्रमितों के सामने आने का सिलसिला मई 2021 के पहले सप्ताह में ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है। कोरोना की पहली लहर के दौरान जहां जिले में अधिकतम एक दिन में 80 लोगों को ही संक्रमित पाया गया था। वहीं शुक्रवार को जिले में अबतक के सबसे अधिक 226 संक्रमित एक ही दिन में कठुआ जिले में पाए गए हैं। पूर्व में संक्रमित पाए गए 70 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव भी पाई गई है। जिले में पिछले दस दिन में पाए गए संक्रमितों की संख्या ही 1155 है।
उधर, हमीरपुर गांव की एक युवती की मौत कोरोना संक्रमण से हो गई है। शुक्रवार दोपहर एक बजे उसकी तबियत बिगड़ने के बाद उसे जीएमसी में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। कोरोना जांच में उसे संक्रमित पाया गया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकाल के अनुसार कर दिया गया।
कठुआ शहर में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने के बाद प्रशासन ने पांच नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिए हैं। इनमें कठुआ शहर के वार्ड 3, वार्ड 5, वार्ड 17, वार्ड 10 और पटेलनगर को कंटनेमेंट जोन बनाया गया है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए क्षेत्र में आवाजाही पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। संक्रमितों और अस्पताल में उपचार के लिए लोगों की संख्या बढ़ने पर जीएमसी कठुआ में शुक्रवार को बेड की क्षमता और बढ़ा दी गई है। उपलब्ध 56 बेड से बढ़ाकर इसे 68 कर दिया गया है। जीएमसी कठुआ में शुक्रवार को कुल 55 लोग भर्ती हैं जिनमें से 40 आक्सीजन सपोर्ट पर तो वहीं पांच आईसीयू में हैं। इनमें से तीन वेंटीलेटर पर हैं।