कोरोना महामारी के तेजी से प्रसार के बीच बीते सप्ताह कठुआ जिले में सक्रिय किए गए कोविड केयर सेंटर की क्षमता बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में छह सौ लोगों को आइसोलेशन में रखने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पहले जहां जिले में 70 से सौ लोगों के लिए कोविड केयर सेंटर एनटीपीएचसी खरोट में व्यवस्था की गई थी, वहीं शनिवार से इस व्यवस्था को 200 और लोगों के लिए सुनिश्चित कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सरकारी इमारतों को चिन्हित करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
पेड आइसोलेशन सेंटरों को भी एक बार फिर सक्रिय करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बाकायदा जिला प्रशासन इन आइसोलेशन सेंटरों के रेट नोटिफाई करने जा रहा है। नोडल अधिकारी डॉ. संदीप रैना ने बताया कि कठुआ में आइसोलेशन की व्यवस्था को बढ़ाने के निर्देश के बाद काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार शाम तक दो सौ लोगों के लिए व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी।
इसके अलावा आने वाले एक सप्ताह में छह सौ तक इस सुविधा का विस्तार किए जाने की योजना है। बताया कि यह सभी केंद्र आइसोलेशन लेवल तीन के हैं, जिसमें केवल बिना लक्षणों वाले संक्रमितों को ही रखा जाएगा। दस दिन के बाद यह लोग घर जा सकेंगे। लेकिन वहां भी उन्हें सात दिन के लिए घर में आइसोलेट रहना होगा।
जिले में 32 नए मामले
कठुआ जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल जारी है। शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 32 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 26 सामुदायिक संक्रमित हैं। उधर, पूर्व में संक्रमित पाए गए 21 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 207 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान और जांच में जुट गया है।