हीरानगर। कंडी क्षेत्र के बड़ा मेला गांव में आयुष की ओर से शिविर लगाकर लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी के बाद मुफ्त में आयुर्वेदिक दवाइयां दी गईं। इस दौरान लोगों को औषधीय पौधों की जानकारी संबंधित पर्चे भी दिए गए।
एकल विद्यालय फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से एडीएमओ डॉ. अजय टिक्कू के निर्देश पर लगाए शिविर में डॉ. ऋतु बाला ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कोरोना से बचाव के लिए बनाए नियमों का सही ढंग से पालन करें। पहली लहर में यह महामारी बुजुर्गों को शिकार बना रही थी, लेकिन दूसरी लहर ने सभी आयु वर्ग के लोगों पर हमला किया है। और, अब तीसरी लहर आने वाली है, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। इससे निपटने के लिए हमें मुंह पर मास्क और दो गज की दूरी जैसे नियमों का नियमित रूप से पालन करना होगा। बिना किसी काम के घरों से बाहर न निकलें।
उन्होंने कहा कि इस बीमारी से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होना बेहद जरूरी है। क्षमता बढ़ाने के लिए आयुर्वेदिक दवाइयों का सेवन बेहद कारगर साबित हो रहा है। शिविर के दौरान डॉक्टरों ने 750 लोगों में आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित कीं और अपील की कि नियमित रूप से इनका इस्तेमाल करें। इस मौके पर मौजूद सरपंच रजनी सडोत्रा और लोगों ने शिविर के लिए अधिकारियों और डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया।