बिलावर। उपमंडल में इन दिनों लोगों को कम वोल्टेज के कारण काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। बिजली का समय से दिया जा रहा है और कम बिजली को लेकर विभाग से शिकायतें भी की जा रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
युद्धवीर सिंह ने बताया कि बिजली पर चलने वाले उपकरण नहीं चल पा रहे हैं, जिससे काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि हर महीने बिजली के बिलों का भुगतान बराबर किया जा रहा है, लेकिन बिजली विभाग समस्या का समाधान करने के लिए गंभीर नहीं है। तरलोचन दास ने कहा कि इलाके में अवैध बिजली कनेक्शनों के कारण कम वोल्टेज की समस्या का आम लोगों को सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, विभाग बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली चोरी करने वालों पर कार्रवाई की जाए। और, अवैैध बिजली के कनेक्शनों पर अंकुश लगाया जाए।
इस संबंध में बिजली विभाग के एईई अश्विनी कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अवैध कनेक्शन धारकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और गांवों में जांच करने के लिए टीमें गठित की गई हैं। विभाग की प्राथमिकता है कि लोगों को सही प्रकार से बिजली सुविधा प्रदान की जाए। वहीं, जिन लोगों ने अवैध कनेक्शन लगाए हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।