कठुआ। कभी सिंचाई के लिए बनाए गए सुए का नाले की तरह शुरू हुआ इस्तेमाल शहर के पुलिस लाइन रोड पर समस्या का कारण बन रहा है। मंगलवार को नहर का पानी आने के बाद ओवरफ्लो हुए नाले से निकला कचड़ा और गंदगी सड़क पर फैल गया। जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय रमन कुमार ने बताया कि करीब पांच साल पहले जिस सुए का पानी लोग अपने घरों में इस्तेमाल करते थे। वह समय के साथ नाले में तब्दील हो चुका है। जिसकी सफाई व्यवस्था न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बीते वर्ष स्टेडियम रोड पर बनी सुए की पुली के बंद होने के बाद डीसी आवास के आसपास भी इसी तरह से गंदगी फैल गई थी। चूंकि वह मामला डीसी जैसे अधिकारी से जुड़ा था तो आननफानन में नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग की टीम पहुंच गई थी। लेकिन अन्य स्थानों पर इन विभागों की सक्रियता नहीं देखने को मिल रही है। नाले से निकाली गंदगी अब लोगों के घरों में जा रही है। जिससे बचने के लिए लोगों को खुद सफाई करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि अगर सुए को नाले में तब्दील कर दिया गया है तो नगर परिषद को इसकी सफाई पर भी ध्यान देना चाहिए।