बिलावर। परनाला पंचायत के वार्ड दो कटनी में लोगों का गुस्सा भूजल विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। लोगों ने खराब हैंडपंप के पास इकट्ठा होकर भूजल विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी। प्रदर्शनकारी अशोक कुमार, देवराज, कल भूषण शर्मा, संजीत कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि तीन वर्ष पहले गांव में लगाया गया एकमात्र हैंडपंप खराब हो गया था और कई बार भूजल विभाग को हैंडपंप ठीक करने के लिए कहा, लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों में शामिल महिलाओं ने कहा कि गांव में जल शक्ति विभाग की ओर से सप्ताह में एक या दो बार ही पानी की आपूर्ति की जाती है। इसलिए लोग पानी आपूर्ति के लिए इस हैंडपंप पर ही निर्भर हैं। हैंडपंप पिछले तीन वर्षों से खराब है और लोगों को पानी के लिए गांव में स्थित बावलियों व अन्य प्राकृतिक स्रोतों तक कई किलोमीटर का सफर कर जाना पड़ता है। लोगों ने कहां कि पंचायत प्रतिनिधियों को भी कई बार हैंडपंप ठीक करने के लिए कहा है, लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। लोगों ने भूजल विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब हैंडपंप को ठीक किया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।