बसोहली। बसोहली-बनी सड़क पर बीएसएनल एक्सचेंज के नजदीक खुले में कचरा फेंके जाने के कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों ने रुक कर नगर कमेटी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। रैहण के वार्ड तीन के पंच शमशेर सिंह, वार्ड एक के पंच अयूब करण, राजकुमार आदि ने बताया कि इस मार्ग पर रोजाना हजारों की संख्या में लोग गुजरते हैं। यहां से गुजरते वक्त कचरे से आने वाली दुर्गंध लोगों के लिए परेशानियों का कारण बनती है। वहीं यह कचरा साथ लगती रंजीत सागर झील को भी गंदा कर रहा है।
रंजीत सागर झील के पानी की सप्लाई पीएचई विभाग द्वारा बसोहली और आसपास के इलाकों में की जाती है। लोगों का कहना है कि इस तरह खुले में गंदगी फेंकी जा रही है, जो म्यूनिसपल कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है। रंजीत सागर झील में जो सड़ा-गला कचरा समा रहा है, उससे लोगों की सेहत पर भी खासा प्रभाव पड़ सकता है। शाम के समय इस मार्ग से होकर लोग भ्रमण के लिए निकलते हैं, मगर जब इस मार्ग से गुजरते हैं तो कचरे से आने वाली दुर्गंध उन्हें परेशान करती है, इसके चलते लोग इस मार्ग पर भ्रमण करना पसंद नहीं करते।
इतना ही नहीं बीएसएनल एक्सचेंज में बिल जमा करने आने वालों को भी कचरे से आने वाली दुर्गंध के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने इसके लिए साफ तौर पर नगर कमेटी को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्यवाही करने की मांग की है। वहीं, इस संदर्भ में एक शिष्टमंडल नगर कमेटी के उपाध्यक्ष अभिनव राजदान से मिला और उन्हें इस मसले के बारे में अवगत करवाया। इसके बाद उपाध्यक्ष ने नगर कमेटी के ईओ को लिखित में वहां सफाई करवाने और नोटिस बोर्ड लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर नोटिस बोर्ड लगाने के बाद कोई वहां कचरा फेंकता है, तो उसके खिलाफ नगर कमेटी एक्ट के तहत कार्यवाही की जाएगी।