कसबा नगरी से पंजाब को जाने वाले रास्ते की खस्ताहालत के विरोध में स्थानीय लोगों के साथ वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
लोगाें ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से वे मार्ग की हालत सुधारने की मांग कर रहे हैं, दूरदराज के इलाकों के विकास पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
हमें भी अच्छी सड़क की सुविधा चाहिए और यदि सरकार ने इस बार भी उनकी अनदेखी की, तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
बोधराज ने कहा कि पिछले कई वर्षों से मार्ग की दशा सुधारी नहीं गई है। इस कारण लोगों के साथ वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नगरी कसबे से पंजाब वाया टोल प्लाजा नगरी मार्ग की हालत बद से बदतर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने कई साल पहले इस मार्ग का निर्माण किया था, लेकिन उसके बाद विभाग ने इसकी मरम्मत नहीं की। इस कारण मार्ग में गड्ढों की भरमार हो गई है।
विकास राज, प्रदीप कुमार, तरसेम कुमार ने कहा कि नगरी ऐतिहासिक कसबा है और माता बाला सुंदरी का मंदिर भी इसी मार्ग के बीच पड़ता है जहां पर नवात्रों में हजारों की संख्या में दोनों राज्यों से भक्त माथा टेकने के लिए आते हैं।
लेकिन, विभाग की लचर कार्यप्रणाली के कारण लोगों को हर बार भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नवरात्रों से पूर्व इस मार्ग की हालत सुधारी जानी चाहिए नहीं तो वह उग्र रुख अपना लेंगे।